भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट में हिटमैन रोहित शर्मा ने शानदार शतक जड़ा। उन्होंने भारत की पहली पारी में 212 गेंदों में 120 रन बनाए। अपनी पारी में रोहित ने 15 चौके और दो छक्के लगाए। यह उनके टेस्ट करियर का नौवां शतक और तीनों फॉर्मेट मिलाकर 43वां शतक रहा। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित ने टेस्ट में पहला शतक लगाया। हिटमैन ने अपनी पारी से कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

ऑस्ट्रेलियाई टीम नागपुर टेस्ट के पहले दिन गुरुवार को 177 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में भारतीय टीम बैटिंग कर रही है। भारत के लिए मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को रोहित ने शतक जड़ा। रोहित ने शतक जड़ते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वे तीनों फॉर्मेंट्स (वनडे, टेस्ट और टी20) में शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। विश्व क्रिकेट में भी ऐसा सिर्फ चार खिलाड़ी कर पाए हैं।

रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच में शतकीय पारी खेली। उन्होंने 2 छक्के भी जमाए, जिसके साथ भारत में उनके छक्कों की संख्या 250 हो चुकी है। अब रोहित के इस रिकॉर्ड का टूटना मुश्किल नजर आ रहा है क्योंकि मौजूदा समय सक्रिय बल्लेबाज भी उनके आसपास नहीं टिकते हैं। रोहित के 250 छक्कों के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। उनके नाम 186 इंटरनेशनल छक्के दर्ज हैं।

रोहित शर्मा ने 17 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में 3 अंकों का आंकड़ा छुआ। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह शतक लगाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, श्रीलंका के सनत जयसूर्या और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया। रोहित शर्मा का यह 43वां अंतरराष्ट्रीय शतक है। वहीं, स्टीव स्मिथ, सनत जयसूर्या और क्रिस गेल ने अब तक 42 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए हैं।